टीम एबीएन, रांची। भाजपा प्रदेश सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जो पार्टी विथ डिफरेंस, कार्यकर्ता विथ डिफरेंस और गवर्नमेंट विथ डिफरेंस है। पार्टी कार्यकर्ता सेवा भाव से काम करते है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि आज भारतीय सेना में 3 दशक से अधिक समय तक सेवा दे चुके कर्नल बीके सिंह अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए यह इस नए साल में पार्टी के लिए शुभ संकेत है कि झारखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मे मोदी जी के नेतृत्व में तथा झारखंड में भाजपा की सरकार बनना तय है।
दीपक प्रकाश ने कर्नल बीके सिंह और उनके सैकड़ों समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि सेना में सेवा दे चुके बीके सिंह का पार्टी में स्वागत है। कर्नल सिंह 36 सालों तक सीमा पर एक सैनिक के तौर पर देश की रक्षा एवं सेवा की। अब भाजपा में आकर वे देश की आम जनता की सेवा करेंगे। उनके पार्टी में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
श्री प्रकाश ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आने से राज्य में केंद्र की योजनाओं के प्रचार प्रसार में भी मदद मिलेगी। अगले वर्ष लोकसभा के चुनाव होंगे। पार्टी को भरोसा है कि इस चुनाव में यहां सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल होगी। राज्य सरकार पर हमला करते हुए प्रकाश ने कहा कि राज्य की महागठबंधन सरकार में शामिल सभी दल परिवारवाद से घिरे हुए हैं। इस दलों ने राज्य में अराजकता की स्थिति बना दी है। ये राजनीति अपने परिवार के लिए करते है। इन दलों के नेताओं के पिता से लेकर नाती-पोता तक विधायक और सांसद बनते है। देश में भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जहां परिवारवाद नहीं मिलता है।
उन्होंने भाजपा को और दलों से भिन्न बताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता सेवा भाव से काम करते है। कोरोना काल मे जहां अन्य दलों के नेता एवं कार्यकर्ता घर में घुस गये थे, वहीं भाजपा के कार्यकर्ता लोगों की सेवा करते हुए दिखते थे। उन्होंने मोदी सरकार की 7 साल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि इन 7 सालों में भाजपा के किसी मंत्री या सांसद पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जबकि पूर्व की सरकार के लगभग सभी मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उन्होंने राज्य की कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि इस भ्रष्ट हेमंत सोरेन सरकार को जनता के सहयोग से उखाड़ फेंका जायेगा।