टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में एक विशेष सभा आयोजित करके बहुआयामी प्रतिभा के धनी विद्यार्थियों को सम्मानित व प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों ने अंतर विद्यालयी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करके विद्यालय का नाम ऊंचा किया।
चिन्मय मिशन के तत्वावधान में आयोजित गीता पाठ प्रतियोगिता में भिन्न-भिन्न वर्गों में कक्षा अष्टम की अदिति ने प्रथम, कक्षा दशम के अक्षत ओझा ने द्वितीय एवं कक्षा पंचम के सूर्यांश ने तृतीय स्थान प्राप्त करके कीर्तिमान स्थापित किया। कक्षा दशम की अभीप्सा हाजरा ने 25वें चाइल्ड राइट कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स में अंडर 19 बालिकाओं के लिए आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में आकांक्षा कुमारी ने ताइक्वांडो में रजत पदक पर, स्वाति मानसी तथा अनुरानी ने कराटे में कांस्य पदक पर, प्यारी निकिता कुजूर तथा सृष्टि नायक ने बॉक्सिंग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने सभी प्रतिभाओं और उनके मार्गदर्शकों को बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी विद्यालय ही नहीं देश के लिए भी कीमती रत्न के समान हैं। अभी बाल्यावस्था से ही उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित करके परिश्रम करते रहना चाहिए ताकि बड़े होकर वे नये कीर्तिमान स्थापित कर सकें। राष्ट्रगान के साथ सभा समाप्त हुई।