टीम एबीएन, देवघर/ रांची। जिला में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वो केंद्रीय जांच एजेंसी के नाम का इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। देवघर में अपराधी गिरफ्तार हुआ है, जिससे घर में लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता प्राप्त हुई है। ये गिरोह खुद को सीबीआई का अधिकारी बनकर घरों में लूटपाट करता है, पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी को जेल भेज दिया है।
देवघर में सीबीआई अधिकारी बनकर लूट का मामला बुढ़ई थाना क्षेत्र का है। बीते 30 दिसंबर की रात सीबीआई अफसर बनकर सत्यनारायण वर्णवाल के घर डकैती करने वाले गिरोह के एक सदस्य पप्पू यादव को देवीपूर थाना क्षेत्र के बेड़मुक्का से बुढ़ई पुलिस ने गिस्पतार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट का एक मोबाइल और पांच हजार नकद बरामद किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी अपने तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सीबीआई अधिकारी बनकर सत्यनारायण वर्णवाल के घर प्रवेश कर गया और रिवॉल्वर की नोंक पर 50 हजार नकद, जेवरात और मोबाइल लूट लिये थे।