टीम एबीएन, कोडरमा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संभावित कोडरमा आगमन की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों समेत बीडीओ-सीओ के साथ बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन, पशुधन, सर्वजन पेंशन, केसीसी, सुखाड़ राहत, विभिन्न प्रकारों के छात्रवृत्ति समेत मनरेगा संबंधित योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की।
इस दौरान महोदय ने शिक्षा विभाग व समाज कल्याण विभाग को आपस में बेहतर समन्वय बनाते हुए आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के आवेदनों को तेज गति से निष्पादन हेतु निर्देशित किया। इसी तरह उन्होंने कल्याण पदाधिकारी को सभी प्रकार की छात्रवृत्ति का भुगतान शिक्षा विभाग से समन्वय बनाते हुए करने पर बल दिया साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत अधिकाधिक आवेदन जेनरेट करने एवं प्राथमिकता के आधार पर सभी आवेदनों का निष्पादन करने पर बल दिया। वहीं सर्वजन पेंशन योजना के तहत लाभुकों की भी जानकारी ली साथ ही पशुधन योजना की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त महोदय द्वारा मनरेगा, सुखाड़ राहत योजना, पर्यटन संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के मध्य नजर किए जाने वाले स्थल भ्रमण की वास्तविक स्थिति का जांच करने साथ ही सभी कार्यालयों को सुव्यवस्थित रखने हेतु निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि समाहरणालय परिसर की साफ सफाई व पेंट करने का निर्देश दिया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।