- भाकपा माओवादियों को लगा बड़ा ही तगड़ा झटका
टीम एबीएन, रांची। साल 2023 के पहले ही महीने में झारखंड में नक्सलियों को तगड़ा झटका लगा है। महिला नक्सली सरिता सरदार, जयराम सहित 8 दुर्दांत नक्सलियों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए हैं। जानकारी के अनुसार, सभी आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कोल्हान इलाके से आते हैं।
पुलिस मुख्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सामने लाया जा सकता है। नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। एक सप्ताह के अंदर भाकपा माओवादियों को यह दूसरा झटका लगा है। इससे पहले बीते 28 दिसंबर को भाकपा माओवादियों में रीजनल कमांडर अमन गंझू ने पुलिस को सामने हथियार डाले थे। नक्सली अमन गंझू पर झारखंड पुलिस ने 15 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। वहीं, एनआईए की तरफ से उस पर चार लाख का इनाम था।
साल 2022 में नक्सलियों के खिलाफ झारखंड पुलिस को कई अहम सफलता हासिल हुई थी। अब साल 2023 में नक्सल फ्रंट पर आगाज भी बेहतरीन तरीके से हुआ है। इसमें बिना एक गोली चलाये झारखंड पुलिस के सामने आठ नक्सलियों ने हथियार डाल दिये हैं।