चतरा : एसीबी की टीम ने एसडीओ के स्टेनो को 25 हजार घूस लेते दबोचा
ABN Bureau• 04 Oct, 2021
1 Views
विज्ञापन
चतरा। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो हजारीबाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी एसपी को मिली शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर श्रीराम पासवान के नेतृत्व में चतरा पहुंची एसीबी की टीम ने एसडीओ के स्टेनो चंद्रकांत को 25 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। स्टेनो की गिरफ्तारी पुरानी कचहरी स्थित अनुमंडल कार्यालय परिसर से हुई है। स्टेनो के विरुद्ध हंटरगंज प्रखंड के एक निलंबित डीलर प्रदीप यादव ने निलंबनमुक्त करवाने के नाम पर पचास हजार रुपये घूस मांगने की लिखित शिकायत एसीबी एसपी हजारीबाग से की थी। जिसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी स्टेनो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान स्टेनो शिकायतकर्ता निलंबित डीलर से अग्रिम राशि के रूप में 25 हजार रुपये घूस ले रहे थे। इसी दौरान निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद स्टेनो को एसीबी की टीम अपने साथ हजारीबाग ले गयी। इधर, एसडीओ कार्यालय के स्टेनो पर एसीबी की कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया है। मालूम हो कि इससे पूर्व भी जिले के कई सरकारी कर्मी घूस लेते हुए एसीबी की टीम के हत्थे चढ़ चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी सरकारी कार्यालयों में घूसखोरी का आलम चरम पर है।