टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रजरप्पा दौरे पर जायेंगे। वहां प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां छिन्नमस्तिके के मंदिर में पूजा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। डीसी और एसपी ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
नये साल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूजा करने और माता के दर्शन के लिए रजरप्पा मंदिर पहुंचते हैं। इस बार भी वो पूजा करने आ रहे हैं। वो हेलीकॉप्टर से रजरप्पा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का यहां कुल 4 घंटे का कार्यक्रम है। उनके आगमन को लेकर सारी तैयारियां कर ली गयी हैं। डीसी एसपी ने हेलीपैड का भी मुआयना रविवार को किया था। साथ ही सुरक्षा को लेकर व्यापक निर्देश दिये।
सीएम हेमंत सोरेन हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद सीधे मंदिर जायेंगे। वहां वो पूजा अर्चना करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। उम्मीद जतायी जा रही है कि पूजा के बाद वो मंदिर परिसर में भ्रमण भी कर सकते हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पिछले साल भी 1 जनवरी को पूजा करने के लिए यहां पहुंचे थे। इस साल वो एक जनवरी को व्यस्तता की वजह से यहां नहीं पहुंच सके।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर प्रबंधन की तरफ से भी पूरी तैयारी कर ली गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मंदिर के पंडा विधि विधान से पूजा अर्चना करायेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्य्मंत्री हेमंत सोरेन पूजा करने के बाद वापस रांची के लिए निकल जायेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आमलोगों के लिए थोड़ी देर के लिए मंदिर में प्रवेश बंद रहेगा। गौरतलब है कि नए साल के मौके पर काफी संख्या में लोग देश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल रजरप्पा पहुंचते हैं।
मां की आराधना के साथ ही नये साल की शुरुआत करते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे की वजह से आमलोगों को कई तकलीफ नहीं हो, इसका मंदिर प्रबंधन की तरफ से विशेष ध्यान रखा जा रहा है।