एबीएन डेस्क/रांची । झारखंड में रविवार दोपहर को भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.1 बताई जा रही है। रविवार दोपहर 2 बजकर 22 मिनट पर आए भूकंप के झटके के कारण लोग खौफजदां हो गए और डर कर घरों से बाहर निकल आए। वैज्ञानिकों के मुताबिक भूकंप का केंद्र पश्चिम सिंहभूम का जगरनाथपुर था। रांची के मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से 10 किलोमीटर नीचे था. भूकंप का झटका झारखंड के साथ पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी महसूस किया गया। हालांकि भूकंप की तीव्रता अधिक न होने से किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। इधर भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए. इसको लेकर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा।