टीम एबीएन, चरही (हजारीबाग)। चुरचू थाना क्षेत्र के नगड़ी में ट्रैक्टर पलट जाने से चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। यह घटना मंगलवार देर रात की है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर मालिक घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक और घायल दोनों व्यक्ति को लेकर घटनास्थल से फरार हो गये। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक मृतक की पहचान चरही थाना क्षेत्र के कजरी निवासी अशोक मुर्मू (22) पिता स्व कृष्णा मुर्मू के रूप में की गयी। दोनों घायल युवक भी इसी गांव के महादेव मांझी और सरजू मांझी हैं। बताया जाता है कि घायल व्यक्ति महादेव मांझी का पैर टूट गया है।
इस संबंध में चुरचू थाना प्रभारी इंद्रदेव रजवार ने बताया कि घटना को लेकर मुझे कोई जानकारी नहीं मिली है। घटना की खबर को लेकर उक्त स्थल की जांच-पड़ताल की गयी। लेकिन वहां पर कोई ट्रैक्टर और आदमी नहीं थे। उक्त घटना की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने दी है।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त ट्रैक्टर पिंडरा निवासी राजकुमार साव का बताया जा रहा है। वह तापिन के ब्लॉक नम्बर 42 से अवैध कोयले को ट्रैक्टर के रौता और बसबोनवा के जंगली रास्ते से चुरचू तथा आंगो थाना क्षेत्र के विभिन्न बंगले और चिमनी ईंट भट्टों में आपूर्ति करता था। अशोक की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी। मृतक की शव एंबुलेंस के माध्यम से उनके घर पहुंचाया गया। शव को पहुंचते ही उनके परिजनों ने रो-रो कर बुरा हाल था। बताते चलें कि मृतक के पिता कृष्णा मुर्मू की मौत ट्रैक्टर दुर्घटना से हुई थी। पिता की मृत्यु के बाद परिजनों का पालन पोषण व बहन की शादी की जिम्मेवारी मृतक के कंधों पर थी। मृतक अपने पीछे सात साल के एक बेटा, पत्नी, मां, बहन, दादा व दादी को छोड़ गया।