टीम एबीएन, रांची। ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने के बाद भारतीय टीम के सदस्य के ऑलराउंडर सुजीत मुंडा अपने घर रांची लौट आये हैं। रांची लौटने के बाद सुजीत का लगातार स्वागत किया जा रहा है। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले सुजीत भी विजेता के तौर पर होने वाले एहसास से बेहद उत्साहित हैं।
वर्ल्ड कप की टॉफी उठाना हर खिलाड़ी का एक सपना होता है। ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने का सपना पूरा करने के बाद टीम इंडिया के ऑल राउंडर सुजीत मुंडा अपने घर लौट आये हैं। उनकी इस सफलता से उनकी पत्नी अनीता तिग्गा और परिवार वाले भी बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं।
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में फाइनल मैच को याद कर सुजीत बेहद उत्साहित होते हैं। लेकिन, अगले ही पल अपनी जरूरतों को लेकर मदद की मांग सरकार के सामने भी रखते हैं। परिवार वाले सुजीत के लिए एक सरकारी नौकरी और पक्का मकान की मांग कर रहे हैं। ताकि उनके प्रदर्शन के अनुसार उन्हें सम्मान दिया जा सके।