टीम एबीएन, लोहरदगा/रांची। लोहरदगा स्थित एचडीएफसी बैंक की गुदरी बाजार शाखा में 57 लाख 50 हजार रुपये गबन किये जाने का मामला सामने आया है। बैंक के आंतरिक ऑडिट में यह घटना उजागर हुई है। इस मामले में शाखा प्रबंधक श्वेताभ रंजन ने सदर थाना में वरीय कैशियर धीरज भारती और कैशियर सुबोजित डे के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। धीरज भारती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
सुबोजीत डे ने लोहरदगा व्यहार न्यायलय में आत्मसमर्पण कर दिया है। जानकारी के अनुसार 12 दिसंबर को बैंक के आंतरिक ऑडिट डिपार्टमेंट द्वारा लोहरदगा शाखा की जांच की गयी। इसमें पाया गया कि 9 दिसंबर को बैंक कार्य अवधि के बाद कुल 2 करोड़ 49 लाख 72 हजार 420 रुपए जमा थे और अभी मात्र 1 करोड़ 92 लाख 16 हजार 801 रुपये जमा हैं। जमा पैसे में 57 लाख 50 हजार रुपये गायब मिले। सूचना के मिलते ही बैंक प्रबंधक के होश उड़ गये।
तत्काल प्रबंधक ने लोहरदगा थाना पहुंच दो कैशियर पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करवायी।
वहीं गबन का मामला आते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। तत्काल करवाई करते हुए धीरज भारती को गिरफ्तार किया गया, वहीं सुबोजित डे ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पूरे मामले में बैंक प्रबंधक ने बताया कि गबन का मामला सामने आया है और बैंक ऑथिरिटी भी इस पर जांच कर रही है। अभी तक इसमें दो लोगों की संलिप्ता सामने आई है जिनके विरूद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले में लोहरदगा एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होते ही कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस केस में अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।