टीम एबीएन, पलामू/ रांची। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के सरकारी बस डिपो के पास 50 बेड का आश्रय गृह बना है फिर भी लोग जानकारी के अभाव में फुटपाथ पर रात गुजारने को विवश हैं। ठंड में रात गुजारने के लिए किसी को परेशानी नहीं हो इसके लिए आश्रय गृह का निर्माण कराया गया है। इसकी देखरेख नगर निगम के जिम्मे है। 50 बेड के आश्रय गृह में 35 पुरुष और 15 महिला का बेड लगाया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अर्पित श्रीवास्तव शुक्रवार की रात 10 बजे अचानक आश्रय गृह पहुंचे और वहां रात गुजार रहे लोगों से बात की। साथ ही पूरे परिसर का भ्रमण किया। शनिवार को उन्होंने बताया कि प्रचार प्रसार के अभाव में लोग आश्रय गृह का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। 50 क्षमता वाले इस आश्रय गृह में मात्र आठ लोग ही थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और बस डिपो का भी निरीक्षण किया। जरूरतमंद लोगों को कम्बल भी उपलब्ध कराया गया। इस मौके पर अधिवक्ता संघ के महासचिव सुबोध कुमार सिन्हा, जिला विधिक सेवा के कर्मी संजीव सिंह और वैभव भास्कर शामिल थे।