टीम एबीएन, कोडरमा। नौकरी वापसी को लेकर पोषण सखियों ने विधायक नीरा यादव को ज्ञापन सौंपकर 19 दिसम्बर से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा की शीतकालीन सत्र के दौरान पोषण सखी के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने का आग्रह किया।
ज्ञात हो कि कुपोषण अभियान के तहत वर्ष 2015 -16 में झारखंड के छह जिलों के आंगनबाड़ी केन्द्रों में 10388 पोषण सखी की बहाली हुई थी। वर्ष 2018 से केंद्र सरकार के द्वारा दिया जाने वाला वित्तीय सहायता बंद कर दिये जाने के कारण इसी वर्ष अप्रैल माह से झारखंड सरकार ने इन पोषण सखियों को कार्य से हटा दिया। अचानक नौकरी छिन जाने के कारण काफी आर्थिक संकट से गुजर रही है। इन लोगों ने हाई कोर्ट में याचिका भी दायर किया है। अपनी मांगों को लेकर जिला से राज्य तक लगातार ये लोग संघर्ष कर रही है, लेकिन इन्हें आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन सौंपने में पोषण सखी समन्वय समिति (सीटू) की जिलाध्यक्ष गायत्री पासवान, जिला सचिव जरीना खातुन, अंजुम प्रवीण, राखी सिंह, मुन्नी देवी, पिंकी देवी, प्रीति कुमारी, शाहीना प्रवीण, मुनेशा खातुन, कुमारी पुनम, गुड़िया देवी, पुनम कुमारी एवं पिंकी कुमारी शामिल थी।