- खनन विभाग ने चरही के चनारो में की औचक छापेमारी
टीम एबीएन, हजारीबाग। उपायुक्त हजारीबाग नैंसी सहाय के निर्देशानुसार गत मगंलवार रात्रि अंचल अधिकारी, चुरचू शशिभूषण सिंह एवं खान निरीक्षक हजारीबाग सुनिल कुमार ने संयुक्त रूप से चरही थाना के चनारो में अवैध रूप से संचालित कोयला डिपो पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सीओ एवं खान निरीक्षक द्वारा घटना की जानकारी देते हुए स्थल पर थाना प्रभारी एवं सीसीएल के पदाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी की मौजूदगी में जांच पडताल की गयी।
जांच के दौरान अवैध कोयला डिपो से 46,650 किलो अवैध कोयला एवं 20 टन अवैध कोयला लदा 12 चक्के का ट्रक को जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहन का रजिस्ट्रेशन नं 5835 है। घटनास्थल से 2 कोयला वजन करने की मशीन, कुदाल, कडाही, गैंता आदि भी जब्त किया गया। वारदात स्थल से जब्त अवैध कोयले को सीसीएल प्रबंधन को सौप दिया गया।
माइनिंग अधिकारी ने बताया कि अवैध कोयला लदे ट्रक को चरही थाना के हवाले कर दिया गया है। जिला खनन पदाधिकारी अजित कुमार के निर्देश पर सुनिल कुमार खान निरीक्षक ने कई वाहन मालिक और चालकों पर कार्रवाई की है।
इनपर हुई है कार्रवाई
1) चंदन सिंह, पिता महेश सिंह, ग्राम चनारो
2) अनिल सिंह, पिता प्रदीप सिंह, निमाडीह
3) अभिषेक कुमार, पिता अरूण महतो
4) पिन्टु सिंह, कुजू
5) राज कुमार साव तापीन
6) दिलीप राम, तापीन
इन जब्त ट्रक के मालिक एवं चालक के विरूद्ध चरही थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपायुक्त हजारीबाग द्वारा सभी अंचल अधिकारी को अवैध कोयला,बालू, पत्थर पर कानूनी कार्रवाई करने हेतु सख़्त निर्देश दिया गया है। जिसके आलोक मे जिले मे खनिजों के अवैध खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक कार्रवाई की जा रही है। सर्द रात्रि में सुनसान जगह पर उपायुक्त के निर्देश में अंचल अधिकारी चुरचू एवं खान निरीक्षक हजारीबाग के द्वारा की गई औचक कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।