- बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र का हो रहा चहुंमुखी विकास : अंबा प्रसाद
टीम एबीएन, बड़कागांव। बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के पोटंगा पंचायत के असवा टोला सतमरा से जतराटांड़ तक होने वाले पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास दिन मंगलवार को स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद के कर कमलों ने किया। विधायक की अनुशंसा के बाद डीएमएफटी मद से उक्त सड़क का कायाकल्प होने वाला है।
ज्ञात हो कि विधायक द्वारा अनुशंसित एवं लगातार प्रयासों की बदौलत काफी सड़कों के निर्माण की स्वीकृति डीएमएफटी मद से हुई है। इसी क्रम में पोटंगा पंचायत के असवा टोला सतमरा से जतराटांड़ तक होने वाले सुदृढ़ीकरण के कार्य का शिलान्यास विधायक अंबा प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम में विधायक अंबा प्रसाद के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल बाजे के गड़गड़ाहट के बीच फूल माला पहनाकर व बुके देकर स्वागत किया। तत्पश्चात पारंपरिक रूप से पूजन के बाद स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद ने सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में इस सड़क का शिलान्यास किया। मौके पर विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मैं सदैव तत्पर हूं और पूरे विधानसभा क्षेत्र में तेजी से सड़क निर्माण कार्य जारी है आने वाले दिनों में और भी अधिक से अधिक सड़क पास करवाया जायेगा। अंबा प्रसाद ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना हमारा लक्ष्य है।
मौके पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विशेश्वर नाथ चौबे, राजू यादव, चरका करमाली, जीआर भगत, सतीश मिश्रा, गिरधारी प्रजापति, शमशेर आलम, उर्मिला देवी, सुखदेव गंजू, हकीम मांझी, जगन्नाथ बेदिया, राजेंद्र साहू, सुभाष साहू समेत भारी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद थे।