- दमकल की टीम ने बुझायी आग
टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। दारू प्रखंड क्षेत्र के दारू खैरिका में सरस्वती उच्च विद्यालय दारू के पास एक उमेश बॉडी गेराज में खड़े दो बस और एक एलपी ट्रक में आग लग गयी। आग से दो बस पूरी तरह जलकर राख हो गयी। बड़ी मशक्कत से किसी तरह से एलपी ट्रक को जलने से बचाया जा सका। बस विजय एंड विजय के नाम से था और इसके मालिक गिरिडीह निवासी महेंद्र सिंह है।
आग लगने के बारे में गेराज के मालिक और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस और ट्रक के बीच मे खड़े बस में चदरा लगाया जा रहा था तभी अचानक से बस में आग लग गयी। आग के बारे में जबतक गेराज में खड़े मालिक, मिस्त्री व अन्य लोग कुछ समझ पाते कुछ ही पल में आग ने पूरे बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में उठती आग की तेज लपटों ने दोनों तरफ खड़े बस और ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया और आग की तेज लपटों के साथ काले धुआं की ऊंची ऊंची गुबार उठने लगी।
आग लगने की जानकारी जैसे ही लोगों को हुई सभी उसी तरफ दौड़ पड़े और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। दारू थाना प्रभारी अमित कुमार भी सूचना पाकर दलबल के साथ पहुंचे और अग्निशमन विभाग को फोन कर गाड़ी भेजने का आग्रह किया। आग की सूचना मिलने के एक घंटे बाद पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तबतक दोनों बस जलकर राख हो गया था। मौके पर एसडीपीओ अनुज उरांव भी मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। बॉडी गेराज के मालिक उमेश और उनके परिवार का रो-रो कर बहुत बुरा हाल था।