Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

अपहृत के साथ तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
अपहृत के साथ तीन अपहरणकर्ता गिरफ्तार
विज्ञापन
मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने अपहरण कांड का उद्भेदन किया है। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग को लेकर एक नाबालिग का अपहरण कर लिया था। इस मामले में नाबालिग के पिता अशोक पासवान ने पुलिस को सूचना दी कि बीते रविवार की अपराह्न 4:30 बजे मेरे पुत्र का अपहरण अज्ञात लोगों ने कर लिया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्रामपुर एसडीपीओ सुरजीत कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सहायता केंद्र एवं गुप्त सूचना के आधार पर अपहरण कांड में शामिल तीन अपहरणकर्ताओं को शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि नाबालिग नौवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता विद्युत विभाग में ठेकेदार हैं। इसके नाबालिग पुत्र को बीते रविवार को अपहरणकर्ताओं ने मारुति कार से अपहरण कर लिया तथा उसे हथियार का भय दिखाया गया ताकि हल्ला न कर सके। अपहरणकर्ता उसे पिढ़ीया जंगल में छुपा कर रखे थे। एसपी ने बताया कि छोटू चंद्रवंशी पिता सुनील राम चंद्रवंशी (बारालोटा) ने उस नाबालिग को अपने पास बुलाया और बातचीत में उसे मारुति कार में जबरन बैठा लिया। इस मामले में पुलिस ने छोटू के साथ ही शुभम शुक्ला पिता अरविंद शुक्ला ग्राम बरवाडीह पाटन, चितरंजन मेहता पिता श्रीकांत महतो ग्राम पिढीया, शहर थाना को गिरफ्तार किया गया है। इनकी निशानदेही पर अपहृत के साथ मारुति कार, एक बाइक, दो गोली के साथ एक पिस्टल, एक मोबाइल बरामद किया गया। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ सुरजीत कुमार के अलावा चैनपुर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता, सदर थाना प्रभारी कमलेश कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी प्रभात रंजन राय, आरक्षी अमित उपाध्याय, छोटन राम, देवेंद्र कुमार रजक, गोपाल दुबे, विजेंद्र कुमार, प्रेम पासवान, ब्रह्मदेव रविदास, निरंजन कुमार, अर्जुन राम, दिनेश तिवारी, सुनील कुमार यादव, सहदेव राम, रवि कुमार, सुधीर कुमार पांडेय व अन्य शामिल थे। कृष्णा दुबे हत्याकांड का पुलिस ने किया उदभेदन, पांच गिरफ्तार : मेदिनीनगर/ पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बरसैता महिंद्रा मोड़ के पास कृष्णा दुबे की हत्या अज्ञात अपराध कर्मियों ने 19 अगस्त को तेज धारदार हथियार से गला रेत कर कर दी थी। जिले का चर्चित यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण भी था। इसके उद्भेदन के लिए एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने एसआईटी टीम गठित कर त्वरित उद्भेदन का निर्देश दिया था। टीम लगातार गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाती रही। इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर तीन देसी कट्टा, दो बाइक, एक भुजाली, 5 मोबाइल बरामद किये गये हैं। एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मृतक के पिता नारद दुबे का जमीनी विवाद सीताराम दुबे के साथ बरसों से चलता आ रहा है। इसी के प्रतिशोध में सीताराम दुबे ने धनंजय दुबे ग्राम बरसैंता एवं प्रवीण पांडे के साथ मिलकर नारद के पुत्र कृष्णा दुबे की हत्या की योजना बनाई। नारद और सीताराम चचेरे भाई हैं। एसपी ने बताया कि सीताराम डालटनगंज में जमीन उदय सिंह से बेचे थे। जिसका विवाद नारद के साथ चल रहा था। इसी का बदला लेने के लिए कृष्णा की हत्या की गई। इस मामले में पुलिस ने धनंजय दुबे, सुरेंद्र यादव, सीताराम दुबे, रवि कुमार, पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। जबकि प्रवीण पांडे फरार है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि सीताराम दुबे, सुरेंद्र यादव को 40 हजार रूपये देने, प्रवीण कुमार को बरसैता में जमीन देने एवं पंकज कुमार को 40 हजार रुपये देने की बात कही थी। इसी लालच में सभी ने मिलकर हत्या की है। छापेमारी अभियान में प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी, पाटन थाना प्रभारी प्रकाश कुमार, रविंद्र कुमार, अभिमन्यु कुमार, राजकुमार, प्रकाश शुक्ला एवं अन्य पुलिस बल शामिल थे।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 43,634