टंडवा (चतरा)। थाना क्षेत्र के टंडवा-भाया बरियातू मुख्य सड़क स्थित सराढु गांव के समीप रविवार देर शाम एक अल्टो कार बिना रैलिंग के पुल से नदी में गिर गई। हादसे में एक कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो लोग को गंभीर चोट लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार बरियातू बालूमाथ के रास्ते से टंडवा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुल में अनियंत्रित कार नदी में जा गिरी। नदी में पानी ज्यादा होने के कारण पूरी कार नदी में समा गई। घटना के बाद स्थानीय युवकों ने काफी प्रयास से कार का दरवाजा तोड़कर तीन घायलों को बाहर निकाला। जिसमें दो की स्थिति गंभीर थी। घायलों में विशेश्वर साव द्वारिका साव केरेडारी सलगा व धर्मनाथ साव कुमडांग कला का नाम शामिल है। विशेश्वर साव के सर में चोट लगने से व धर्मनाथ साव का पानी में ज्यादा देर रहने से स्थिति गंभीर थी। जिसे टंडवा पुलिस के सहयोग से टंडवा स्वास्थ केंद्र पहुंचाया गया। जहां से बेहतर इलाज हेतु सभी को हजारीबाग भेज दिया गया। हजारीबाग अस्पताल पहुंचते ही धर्मनाथ साव ने दम तोड़ दिया। वही विशेश्वर साव की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया घटना से क्षेत्र के लोग दुखी है। वहीं ग्रामीणों ने संवेदक पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के नाम पर सरकार के खजाने पर डाका डाल बिना रेलिंग का पुल निर्माण किया गया है। टंडवा-भाया बरियातू मुख्य सड़क स्थित सराढु, सोपारम, गाडिलौंग पुल में रेलिंग नही होने से पूर्व में कई घटना घट चुकी हैं।