टीम एबीएन, विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। बिष्णुगढ प्रखंड के हाईस्कूल मैदान में मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैंच सोमवार को बालिका वर्ग में भेलवारा पंचायत एवं बेडाहरियारा पंचायत के बीच खेला गया। जहां कड़ें मुक़ाबले में भेलवारा की टीम ने 1-0 से जीत हासिल की।
इस मौके पर भेलवारा के विजेता टीम को कप और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं भेलवारा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गंगाधर ने विजेता टीम के सभी खिलाडियो को हौसला अफजाई करते हुए कहा कि सरकार की ओर से समय-समय पर कई तरह के खेल के आयोजन किये जा रहे हैं। इससे प्रखंड के खिलाड़ियों में छिपी हुई प्रतिभा निखर रही है।वर्तमान समय में हर क्षेत्र से खिलाड़ी उभर कर आ रहे हैं।कहा कि पंचायत स्तरीय मुख्यमंत्री आमंत्रण कप फुटबॉल प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागी को उच्चस्तरीय जिला, राज्य और देश स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। वहीं प्रतिभा विकास मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष महेन्द्र कुमार ने कहा कि खेल से जहां मनोरंजन मिलता है, वहां खिलाड़ियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। लोगों को आज के दौर में पढ़ाई के साथ-साथ खेल कूद में भाग लेना भी जरूरी है।