- घायलों को एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची, सुबह आठ बजे से शुरू हुई मुठभेड़, सैकड़ों राउंड फायरिंग
टीम एबीएन, चक्रधरपुर/ रांची। चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च आॅपरेशन के दौरान पुलिस व नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। नक्सलियों से लोहा ले रहे अभियान में शामिल कोबरा बटालियन के पांच जवान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सेना के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया। जहां मेडिका में उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा व अनमोल दा का दस्ता शामिल है। जंगल में फायरिंग व बमों के धमाके घंटों तक आसपास के गांवों में भी सुने गये। जिससे स्थानीय लोग दहशत में रहे। जानकारी के अनुसार पुलिस व सीआरपीएफ की संयुक्त टीम टोंटो थाना क्षेत्र के सिलईबेड़ा और सारजमबुरु के घने जंगलों में सर्च आॅपरेशन चला रही थी। इसी दौरान सुबह 8 बजे सुरक्षाबलों से नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। कई घंटे की गोलीबारी के बाद मुठभेड़ खत्म हुआ। लेकिन दुबारा सर्च आॅपरेशन शुरू किये जाते ही पूर्वाह्न 11 बजे फिर से नक्सलियों से मुठभेड़ हुई जो करीब 4 बजे तक जारी रही। मुठभेड़ में दोनों ओर से सैकड़ों राउंड गोलियां चली है।
बेहद दुरूह इलाका, सेटेलाइट फोन से हुआ संपर्क
जंगल में जिस जगह मुठभेड़ हुई है वह बेहद दुरूह इलाका है। मोबाइल नेटवर्क नहीं रहने के कारण अभियान में शामिल कोबरा बटालियन के जवानों ने डीजीपी कंट्रोल रूम से संपर्क साधा और मुठभेड़ एवं घायलों की जानकारी दी। जिसके बाद जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वहीं घायल जवानों को रांची ले जाने के लिए दो हेलीकॉप्टर उतारे गये।
डॉग हैंडलर समेत पांच जवान हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की गोलीबारी में एक डॉग हैंडलर समेत पांच जवान घायल हुए हैं। इनमें कांस्टेबल सूरज कुमार, सुशील लकड़ा, बुद्धदेव किशन, कृष्णकांत बोखारे और डॉग हैंडलर संदीप एम शामिल हैं। सूरज कुमार और सुशील लकड़ा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।