टीम एबीएन, झुमरीतिलैया (हजारीबाग)। नौकरी वापसी की मांग पर शीतकालीन सत्र में पोषण सखियां झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगी। यह निर्णय ब्लॉक परिसर स्थित तालाब पार्क में पोषण सखी समन्वय समिति (सीटू) की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गायत्री पासवान और संचालन रेशमी कुमारी ने किया। ज्ञात हो कि आंगनबाड़ी केंद्रों में वर्ष 2015 से कार्यरत पोषण सखी, जिन्हें इसी वर्ष अप्रैल से झारखंड सरकार ने काम से हटा दिया है। कोडरमा में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आक्रोशित पोषण सखियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर नौकरी वापसी के लिए मांग पत्र सौंपा था।
बैठक को संबोधित करते हुए मजदूर नेता और सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि झारखंड के छह जिलों मे आंगनबाड़ी मे कार्यरत 10388 पोषण सखी को केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा दिया जाने वाला फंड बंद कर दिये जाने के कारण एक झटके में अप्रैल में हेमन्त सोरेन सरकार ने हटा दिया। आज उनके सामने भूखमरी की स्थिति हो गई है। बच्चो के स्कूल फीस और दवाई के लिए लिए पैसे नहीं जूट रहे हैं। सड़क से न्यायालय तक लगातार संघर्ष कर रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार रोज रिक्तियां भरने की बात कर रही है, दूसरी तरफ दस हजार पोषण सखी अपनी रोजगार वापसी के लिए दर दर भटक रही है। हेमंत सोरेन सरकार को तुरन्त इस पर विचार करना चाहिए।
बैठक में शाहिना प्रवीण, अंजु देवी, नैंसी देवी, उर्मिला कुमारी, वीणा कुमारी, ललिता देवी, सोनी कुमारी, श्वेता कुमारी, उर्मिला देवी, प्रीति कुमारी, अणु कुमारी, गुड़िया देवी, निर्मला कुमारी, गुलनाज प्रवीण, फुल कुमारी, पिंकी कुमारी, सोनी कुमारी, आरती कुमारी, रेखा देवी, सुषमा कुमारी, चंपा देवी, कुमारी सरिता, सुबंती कुमारी, ललिता कुमारी, अनीता देवी, राखी कुमारी, कुमारी, राखी सिंह आदि मौजूद थी।