टीम एबीएन, रांची। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में 50 कांग्रेसियों का जत्था सोमवार को सुबह बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से इंदौर के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश संयोजक सुबोधकांत सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, विधायक प्रदीप यादव, अनुप सिंह, अम्बा प्रसाद, रामचन्द्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की एवं इसके साथ प्रदेश में चल रहे महागठबंधन सरकार के मंत्री झामुमो के मिथिलेश ठाकुर भी यात्रा में शामिल है।
प्रदेश प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने सोमवार को बताया कि झारखंड के 12 जिलों में भारत जोड़ो यात्रा के सफल आयोजन के बाद कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक चलने वाली राहुल गांधी के नेतृत्व में चलने वाली भारत जोड़ो यात्रा में 29 एवं 30 नवम्बर को सभी नेता मध्य प्रदेश के इन्दोर में शामिल होने के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्दर चार चरणों की यात्रा का सफलता पूर्वक समापन हो चुका है। इंदौर से लौटने के बाद पांचवें चरण की भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में होगा।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में दो महीने पूर्व भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत कन्याकुमारी में हुई थी। अब तक तकरीबन 2300 किमी की यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश पहुंची है। यह यात्रा कुल 3570 किमी की है, जो बारह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को अपार जन-समर्थन प्राप्त हुआ है, जिसमें किसानों, मजदूरों, युवाओं, माताओं, बहनों, छोटे व्यवसायियों, खिलाड़ियों, कलाकारों ने समय-समय पर यात्रा में अपनी भागीदारी निभायी है।