- थाना क्षेत्र में बढ़ी अराजक तत्वों का हौसला
- दो माह पूर्व भी हुई थी 1 लाख 30 हजार की लूट
टीम एबीएन, दारू। दारू थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है चोरी, लूट, छिनतई की घटना बढ़ती जा रही है। जमीन को लीज पर लेकर खेती करने वाले किसानों से बुधवार की शाम चार बजे फोन कर डेढ़ लाख रुपये की रंगद्दारी मांगी गयी। रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
इस बारे में भुक्तभोगी कामेश्वर कुमार पिता परविल महतो ग्राम सिला इचाक नावाटांड़ जिला सिमरिया निवासी ने बताया कि उसके नम्बर पर दो अलग-अलग नंबर से रंगदारी के लिए फोन आया जिससे वे काफी डरे सहमे हुए है। युवक ने बताया कि वह अपने चार साथियों के साथ रामदेव खैरिका पंचायत के कवालु में जमीन लीज पर लेकर टमाटर की खेती करते है उसके अन्य साथी चुरचू और इरगा में खेती करते है। हम सब खेतों में किनारे सोते हैं। अब इस तरह की घटना होने से उनके सभी साथी काफी डरे हुए हैं।
इससे पहले 8 अक्टूबर को कवालु से एक लाख पांच हजार, 12 अक्टूबर को चुरचू से बीस हजार, 15 अक्टूबर 2022 को इरगा से पांच हजार कुल 1 लाख 30 हजार की लूट हुई थी, जिसकी सूचना दारू थाना को उसी समय दी थी। पर लुटेरों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे उनका हौसला बढ़ गया है और अब वे दोबारा मेहनत की कमाई को लूटने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बारे में भुक्तभोगी ने दारू थाना प्रभारी अमित कुमार से मिलकर आपबीती बताई और लिखित में आवेदन देकर जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने सक्रियता दिखाते हुए तुरंत जांच करने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।