टीम एबीएन, कटकमसांडी (हजारीबाग)। प्लस टू उच्च विद्यालय के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों एवम जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य को बंद करा दिया। जिला परिषद से डीएमएफटी मद से तीन करोड़ 88 लाख 84 हजार पांच सौ 98 रुपए की लागत से बन रहे निर्माण कार्य में घटिया ईंट और मिट्टी मिले हुए बालू का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण कार्य प्राक्कलन के मुताबिक नहीं होने की जानकारी मिलते ही कटकमसांडी मुखिया कुमारी श्रीति पांडेय, कटकमसांडी पश्चिमी के जिप सदस्य लक्ष्मी कुमारी के प्रतिनिधि कारु राम सहित ग्रामीण अंतिम रजक, नीतीश कुमार, रंजीत अग्रवाल, वार्ड सदस्य समेत अलखु रविदास सहित दर्जनों ग्रामीण निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे और निर्माण सामग्री का अवलोकन किया।
निर्माण स्थल पर मिट्टी युक्त बालू और तीन नंबर घटिया ईंट को देखकर जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भड़क गये और साइट इंचार्ज विनोद कुमार शर्मा को निर्माण कार्य अविलंब बंद करने की बात कही। प्रतिनिधियों का कहना था कि निर्माण कार्य का संवेदक मेसर्स दीपक कंस्ट्रक्शन ने विद्यालय के भवन निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग कर रहा है। एक ओर जहां मिट्टी मिक्स बालू है का उपयोग जोड़ाई तथा ढलाई कार्य में हो रहा है।
वहीं चिमनी ईंट के नाम पर बांग्ला ईंट का उपयोग किया जा रहा है। बांग्ला ईंट जो चिमनी ईंट का डुप्लीकेट है उससे विद्यालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। हालत यह है कि ईंट में पानी डालने ईंट पिघल जा रहे हैं। कई ग्रामीणों ने महज हाथ की चोट से ही ईंट के दो टुकड़े कर ईंट की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर दिया है।
जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों का यह भी कहना था कि बालू में मिट्टी मिक्स होने के कारण सीमेंट की पकड़ भी ढीली होगी और भवन जल्द ही धराशाई होगा। काले तथा मिट्टी मिले बालू के बाबत साइट इंचार्ज विनोद कुमार को जनप्रतिनिधि ने पूछा तो साइट इंचार्ज विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि कटकमसांडी के स्थानीय लोग ही बालू गिरा रहे है। यह सत्य है कि बालू काला गिराया है और बालू में मिट्टी मिली है। साथ ही ईंट के बारे पूछने पर कहा कि बांग्ला ईंट है पर चिमनी जैसा है दिखती है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मजदूरों से भी सीमेंट बालू का अनुपात पूछा तो मजदूरों ने बताया कि 20 अनुपात एक के हिसाब से सीमेंट और बालू का मसाला बनाया जा रहा है।
पंचायत की मुखिया कुमारी श्रीति पांडेय ने कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नही करूंगी। इस मामले को मैं वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाऊंगी। कटकमसांडी पश्चिमी कि जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी कुमारी ने निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि मैसर्स दीपक कंस्ट्रक्शन कंपनी ने प्राक्कलन के खिलाफ निर्माण कार्य कर रहा है। इस मामले को मैं जिला परिषद की बैठक उठाऊंगी और डीसी से मिलकर निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच की मांग करूंगी।
कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि किशोरी राणा ने निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा की विद्यालय में हमारी आने वाली पीढ़ियां अध्ययन कार्य करेगी निर्माण कार्य में अनियमितता बरता जाना भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस मामले से सदर विधायक मनीष जायसवाल को अवगत कराते हुए डीसी को पत्र लिखकर जांच की मांग करूंगा।
कटकमसांडी बीस सूत्री के प्रखंड कार्यसमिति के प्रखंड अध्यक्ष सरयू यादव तथा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष नर्सिंग प्रजापति ने निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग करना राष्ट्रद्रोह जैसा कार्य करना है। बच्चे हमारे राष्ट्र के भविष्य हैं घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग से भवन की गुणवत्ता प्रभावित होगी और आगे चलकर एक बड़ी घटना भी हो सकती है। इस मामले को लेकर डीसी सहित विभागीय मंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री से मिलकर निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण करने की अपील करूंगा।
निर्माण कार्य के बाबत स्कूल के हेडमास्टर शिखा खाका का कहना है मुझे कुछ पता नहीं है। मैं वास्तुशिल्प का जानकार नहीं हूं। ग्रामीणों ने अवगत कराया है। अधिकारी को पत्र लिखकर निर्माण कार्य सामग्री की जांच करवाने के लिए अपील करूंगी।