- नामकुम स्थित आरके आनंद लॉन बॉल ग्रीन स्टेडियम में हुआ आयोजन
टीम एबीएन, रांची। झारखंड जूडो संघ के तत्वावधान में रांची जूडो संघ ने 12 वीं राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता नामकुम स्थित आरके आनंद लॉन बॉल ग्रीन स्टेडियम में किया। जिसमें एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, तीन रजत एवं तीन कांस्य पदक सहित कुल 7 पदकों पर अपना कब्जा जमाया।
शिक्षा सिंह ने 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जबकि प्रिया कुमारी, रोशन कुमार एवं सुधांशु रंजन ने रजत पदक तथा प्रियांशी श्रेया, राइमा गुप्ता तथा अक्षत ओझा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई।
प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने सभी विजेताओं को बधाई एवं शुभकामना संदेश संप्रेषित किया। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षकेत्तर गतिविधियों में शामिल होना समय की मांग है। इससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समुचित विकास होता है। उनका भविष्य सुनहरा बनता है। खेल - कूद के माध्यम से उनमें समता, एकता, भाईचारा, नेतृत्कौशल आदि गुणों का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी पढ़ाई और खेल में संतुलन बनाकर सतत अभ्यास करने की सलाह दी, ताकि भविष्य में भी वे अच्छा प्रदर्शन करके नाम कमा सके।
प्राचार्य ने विद्यालय के खेल शिक्षक आशीष जायसवाल को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, जिनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने सफलता प्राप्त की।