टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने सुखाड़ प्रभावित किसानों को सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके तहत प्रति किसान परिवार को 3500 रुपये दिये जायेंगे। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार ने पोर्टल लांन्च किया था। इसके बाद कृषि विभाग राज्य के सूखाग्रस्त 22 जिलों के 226 प्रखंडों में कैंप लगा कर किसानों से आवेदन लेने की तैयारी में जुट गया है।
कृषि सचिव अबु बक्कर सिद्दीख ने बताया कि विभाग कैंप लगाने की तैयारी कर रहा है, ताकि किसानों को इसकी जानकारी मिले और अधिक से अधिक किसानों का आवेदन विभाग को प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि सूखा राहत सहायता राशि के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके बाद ही प्रति किसान परिवार को राज्य सरकार 3500 रुपये की सूखा राहत राशि उपलब्ध करायेगी। राज्य सरकार के इस निर्णय से राज्य के लगभग 30 लाख से अधिक प्रभावित किसानों और उनके परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि इस मद में राज्य सरकार करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च करेगी, ताकि प्रभावित किसानों को इसका फायदा मिल सके।