टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। धनबाद जंक्शन पर मंगलवार को बिहार के गया की एक युवती ने अपने प्रेमी के सामने जहर खाकर जान दे दी। मृतका रिया कुमारी (21) गया के बाईपास मार्ग में रहने वाले व्यापारी राजेश मालाकार की पुत्री थी। वह पुटकी के प्रेमी चाहत कुमार (19) से मिलने धनबाद पहुंची थी। अग्निवीर योजना के तहत चाहत का आर्मी में सेलेक्शन हुआ।
चाहत ने सरायढेला पुलिस को बताया कि रिया उससे शादी करना चाहती थी। उसने सोमवार को फोन कर धनबाद आने की बात बताई, तो उसने आने से मना किया। बावजूद रिया मंगलवार को धनबाद आ गयी। उसने प्लेटफार्म से ही फोन कर चाहत को मिलने के लिए बुलाया। जब रिया और चाहत जंक्सन पर मिले, तो किसी बात पर दोनों में विवाद हो गयी। इससे नाराज रिया ने अपने बैग से जहर निकाला और प्रेमी के सामने ही खा लिया। चाहत कुछ सोचता इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ गयी। वह शाम पांच बजे आटो से लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचा। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने रिया को मृत घोषित कर दिया।
स्नातक पास चाहत ने फोन पर युवती के घरवालों और दोस्तों को इसकी जानकारी दी। उसने अपने घरवालों को भी फोन कर बताया। चाहत के पिता सुशील सिंह बीसीसीसीएल कर्मी हैं। एसएनएमसीएच प्रबंधन की सूचना पर सरायढेला थाना पुलिस वहां पहुंची और छानबीन की। पूछताछ के बाद चाहत को हिरासत में ले लिया गया है।