टीम एबीएन, रांची। झारखंड के राज्यपाल सह झारखंड राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति रमेश बैस से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की कुलपति प्रो सोनाझरिया मिंज ने राज भवन में भेंट की। प्रो मिंज ने राज भवन में राज्यपाल को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया। इसके अलावा राज्यपाल बैस से रेल पुलिस महानिदेशक, झारखंड अनिल पाल्टा ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की। दूसरी तरफ राज्यपाल बैस से उमेश गोपीनाथ जाधव के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने राज भवन में भेंट की। विदित हो कि जाधव ने मिशन ‘जन्मभूमि-कर्मभूमि’ के तहत 28 राज्यों एवं 8 केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग 150 शहीदों के परिवारों से मिलकर वहां की पवित्र मिट्टी को संग्रहित किया है। इसके बाद में राज्यपाल बैस से आज इक्फाई विश्वविद्यालय, झारखंड के चांसलर डॉ टीआरके राव ने अपने सहयोगियों के साथ राज भवन में भेंट कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी दी।