टीम एबीएन, रांची। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स झारखंड जोन के तत्वावधान में 5 से 7 नवंबर 2022 को डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर धनबाद एवं डीएवी पब्लिक स्कूल सिंदरी, धनबाद में आयोजित जोनल लेवल प्रतियोगिता का रंगारंग समापन हो गया, जिसमें पूरे झारखंड के 70 से ज्यादा डीएवी स्कूलों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जोनल लेवल प्रतियोगिता पूरे झारखंड के डीएवी विद्यालयों को चार क्लस्टर में बांटकर आयोजित की गई थी। जिसमें क्लस्टर 3 की ओर से भाग लेते हुए एस आर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची के विद्यार्थियों ने बॉक्सिंग बालिका वर्ग में विजेता तथा बालक वर्ग में उपविजेता, जूडो बालक वर्ग में विजेता, कराटे बालिका वर्ग में उपविजेता, ताइक्वांडो बालक वर्ग में उपविजेता तथा बालिका वर्ग में विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुश्ती, वूशु, स्विमिंग तथा स्केटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय के लिए कई पदक जीते।
जोनल लेवल के विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर 15 बालक एवं 14 बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया है। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद का भी महत्त्व बहुत बढ़ गया है। खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं। वे विभिन्न खेलों में जोर आजमाइश करके अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। उन्होंने डीए नेशनल स्पोर्ट्स के आयोजन के लिए डीएवी सीएमसी के प्रधान आर्यरत्न पद्मश्री पूनम सूरी जी तथा निदेशक डॉ जेपी सूर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने खेल शिक्षक आशीष जायसवाल, अनुरंजन कुमार, सुधांशु श्रीवास्तव, रितु रानी, ललिता गुप्ता सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं सभी विजेताओं को बधाई तथा शुभकामनाएं दी।