टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। प्रखंड में लंपी वाईरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है और बीमारी के साथ-साथ अब पशुओं की मौत का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। प्रखंड के इरगा पंचायत के पुरनाडीह में अब धीरे धीरे पूरे गांव के पशुओं इस गंभीर बीमारी की चपेट में आते जा रहे है और देखते देखते पूरे मोहल्ले के पशु इस बीमारी से पीड़ित हो गये। यहां के ग्रामीणों का कहना है कि यह बीमारी बड़ी तेजी से फैल रही है वे सब अपनी क्षमता के अनुसार पीड़ित पशुओं का इलाज भी करवा रहे हैं। पर पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की कोई मदद नहीं मिल पा रही है जिससे वे काफी परेशान और पशुओं को लेकर चिंतित है।अपनी आंखों के सामने पशुओं को दर्द से तड़पते देख उन्हें बहुत पीड़ा होती थी। पशु गणना के आंकड़े के अनुसार प्रखंड में कुल 23 हज़ार पशु है, जिसमें अब 5000 पशु इस बीमारी से पीड़ित हो चुके हैं। यदि जल्द ही इस बीमारी का समुचित इलाज नहीं किया गया तो जल्द ही प्रखंड के सैकड़ो पशओं इस बीमारी की चपेट में आ जायेंगे। पशुपालकों पर तब दोहरी मार पड़ने लगी जब गाय की दूध लेने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने लंपी वाईरस के डर दूध लेना बंद कर दिया जिस कारण पशुपालक पर आर्थिक मार भी पड़ रही है। यह बीमारी इतनी फैल जाने के बाद भी कहीं से कोई सरकारी मदद नहीं मिल रही है जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।