टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अंतरराष्ट्रीय वन्य जीवों के तस्करों के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इंटरनेशनल मार्केट में करोड़ों की कीमत वाले 26 विदेशी सांप, 12 गिरगिट, करीब 300 मकड़ी और बीटल के अलावा कई अन्य वन्य जीवों को आज जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन से बरामद किया। इन वन्य जीवों को नीलांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी से एक महिला तस्कर लेकर जा रही थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। टाटानगर आरपीएफ थाना प्रभारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि उनकी टीम को खड़कपुर से सूचना मिली थी कि नीलांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक संदिग्ध महिला सफर कर रही है। नीलांचल एक्सप्रेस के टाटा नगर स्टेशन पर पहुंचते ही तलाशी के दौरान महिला को हिरासत में ले लिया गया। महिला के पास से करोड़ों रुपये की कीमत के विदेशी वन्य जीव बरामद किये गये। स्नेक कैचर ने बताया कि सभी सांप जहरीले और विदेशी नस्ल के हैं। बरामद वन्य जीवों की कीमत 50 करोड़ से ज्यादा की आंकी गयी। फिलहाल, आरपीएफ ने वन विभाग से संपर्क कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय वन्य जीव तस्करी से जुड़े मामले की जानकारी दी।