सदन में उठेगा लैंड बैंक और 27% आरक्षण का मुद्दा, आजसू ने कहा- पार्टी का नहीं, सरकार का होना चाहिए एजेंडा
ABN Bureau• 03 Sep, 2021
2 Views
विज्ञापन
रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया है। सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष क्षेत्र और जनता से जुड़े मुद्दों को रखेंगे। कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने अपनी पार्टी के विधायकों के साथ बैठक में पूर्ववर्ती सरकार के द्वारा लागू लैंड बैंक को निरस्त करने की मांग की ताकि गरीबों को जमीन वापस मिल सके। साथ ही उन्होंने 27% आरक्षण के मुद्दे को सदन में उठाने की बात कही है। विपक्ष का कहना है कि यह सरकार की योजना होनी चाहिए न कि कोई पार्टी विशेष का एजेंडा होना चाहिए। कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की ने कहा कि सदन के अंदर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। पूर्ववर्ती सरकार ने जिस तरीके से लैंड बैंक को बनाया, उसका फायदा गरीब जनता को नहीं मिला। गरीब जनता को इसका लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही 27% आरक्षण लागू करने की मांग जो लगातार उठ रही है उसे सदन में रखेंगे। जनता से जुड़े तमाम मुद्दे पार्टी के लिए प्राथमिकता होगी, क्योंकि चुनावी एजेंडे में भी यह तमाम चीजें शामिल थी। कांग्रेस के द्वारा लैंड बैंक और आरक्षण के मुद्दे को उठाने के बयान पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कांग्रेस पार्टी को घेरते हुए कहा कि सदन के अंदर जो मुद्दे उठाने की बात कही गई है, वह सरकार का एजेंडा होना चाहिए न कि किसी पार्टी का एजेंडा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस पार्टी को समर्थन कर रही है, उस पार्टी के मुखिया का पहला एजेंडा होना चाहिए कि आरक्षण के मुद्दे पर बात करें। सरकार बने 2 साल हो गए हैं लेकिन इस विषय पर सरकार चुप है। जिसके कारण लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।