टीम एबीएन, बोकारो/रांची। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह के घर पर आयकर विभाग की टीम के द्वारा छापेमारी में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर भाजपा के स्टीकर को लेकर झारखंड की सत्ता गरमा गयी है। भाजपा के स्टीकर को लेकर जहां सत्ताधारी दल के नेताओं ने सवाल उठाये थे तो वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इसे लेकर भाजपा पर तीखा हमला किया था। इसे लेकर भाजपा नेत्री सह प्रदेश प्रवक्ता मिस्फिका हसन ने पलटवार किया है।
मिस्फिका हसन ने प्रेस वार्ता से पहले एक वीडियो भी दर्शाया जिसमें गाड़ी मालिक के द्वारा बताया गया कि उसकी गाड़ी किराए पर चलती है। आयकर विभाग को किराये पर गाड़ी देने से पहले ये गाड़ी भाजपा की रैली में गई हुई थी, जिस कारण स्टीकर लगा था इसे वो हटाना भूल गया था। इस मामले को लेकर भाजपा का कहना है कि बगैर तथ्य की सत्यता की जांच की मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच से भाजपा और संवैधानिक संस्था पर आरोप लगा रहे हैं, ये दुर्भगायपूर्ण है, जबकि सीएम खुद एक संवैधानिक पद पर बैठे हैं।
हसन ने कहा कि वो अपने कार्यकर्ताओं के बीच, सार्वजनिक मंच पर, अधिकारियों के बीच संवैधानिक संस्थाओं पर उंगली उठाते हैं ये गलत हैं। इन्हें राज्य के विकास, महिलाओं की सुरक्षा का भरोसा दिलाने के बजाय संवैधानी संस्था पर आरोप लगाते हैं, ये दुर्भगायपूर्ण है। भाजपा का हर कार्यकर्ता इससे आहत हुआ है आप सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। जिस तरह से आप आरोप लगा रहे हैं इसे बीजेपी कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि तीन साल से राज्य में स्टेट स्पॉन्शर्ड करप्शन चल रहा है। सिर्फ साहेबगंज में ही खनिज संपदा की एक हजार करोड़ से ज्यादा गड़बड़ी हुई है। केंद्रीय एजेंसियों के जांच से इतना डर आपको क्यों, आप निर्भीक होकर सामना करें, सांच को आंच कहां। हसन ने कहा कि आप जिस तरीके से लगातार सवाल उठा रहे हैं, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं ये उचित नहीं। वहीं उन्होंने बताया कि आगामी 7 से 13 नवंबर तक बीजेपी राज्य के सभी प्रखंड में, प्रखंड स्तर तक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, प्रखंड की स्थानीय समस्या को जोर शोर से उठाने का काम करेंगे। पार्टी के तमाम वरीय नेता भी इस दौरान अलग-अलग प्रखंडों में प्रवास करेंगे।