टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बदलते मौसम से बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कुछ जिलों में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने कंबल या रजाई निकाल ली है। कई जगह तो लोगों ने गर्म कपड़े पहनने भी शुरू कर दिये हैं। इसी बीच बदलते मौसम में लोगों को सर्दी जुकाम और खांसी जैसी समस्या भी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अभी तापमान में और गिरावट की संभावना है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से 16 डिग्री तक जाने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 4 दिन में ठंडी हवाएं चलने लगेंगी। इससे ठंड और बढ़ेगी। अभी भी राज्य में सबसे अधिक तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस देवघर में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया है। वहीं, बात करें आज के तापमान की तो राज्य में आज सुबह का तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा, नमी और अन्य मौसम की स्थितियों जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए तापमान में धीरे- धीरे और गिरावट की संभावना जाहिर की गई है। शाम होते-होते तापमान में गिरावट दर्ज होती रहेगी। वहीं, राज्य में आज रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया जा रहा है।