टीम एबीएन, इचाक (हजारीबाग)। इचाक प्रखंड के सुदूर उग्रवाद प्रभावित पंचायत दाड़ीघाघर के गराडीह गांव में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम द्वितीय चरण के तहत शिविर का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मुखिया नंदकिशोर मेहता व संचालन बीपीओ राजीव आनंद ने की। शिविर का उद्घाटन विधायक अमित कुमार यादव, बीडीओ रिंकू कुमारी, जिप रेणु देवी सीओ मनोज कुमार महथा ने किया। विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि दादीघाघर क्षेत्र के हिसाब से सबसे प्रखंड का सबसे बड़ा पंचायत है। इस पंचायत में पड़ने वाले गांवों की दूरी पंचायत मुख्यालय से 15 से 20 किमी है। पूरा पंचायत जंगल, पहाड़, नदी, नाला से घिरा है। फारेस्ट एरिया में पड़ने के कारण सभी गांव को बिजली और सड़क से नहीं जुड़ सका है। फिर भी इस पंचायत के समग्र विकास की बात को संसद भवन तक पहुंचाया हूं।आने वाले समय में दादीघाघर के गांवों को बिजली और सड़क से जोड़ना मेरी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकार आपके द्वार कार्य क्रम के जरिए ग्रामीणों को सुविधा दिलाने का कार्य किया है। जो हर मामले में सार्थक साबित हो रहा है। मौके पर सावित्री, माही और अंजलि सखी मंडल को 6.50 लाख राशि के लॉन का चेक वितरित किया।साथ ही बीआई द्वारा स्वीकृत तीन लाभुकों को केसीसी का पासबुक दिया गया। इसके अलावा दर्जनों बुजुर्गों को कंबल दिया गया। शिविर में प्राप्त सैकड़ों आवेदनों का निबंधन के बाद निष्पादित किया गया। जबकि गंभीर मामले से जुड़े आवेदनों को संबंधित विभागों को जांच के लिए भेजा गया। मौके पर पूर्व मुखिया रामेश्वर सिंह, रमेश हेंब्रम, राजेंद्र गांझू, संजय मेहता सभी वार्ड सदस्य, अंचल ब्लॉक कर्मी और ग्रामीण मौजूद हुए।