टीम एबीएन, कोडरमा। राज्य के समाहरनालय लिपियकीय संवर्ग भर्ती, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्त नियमावली 2016 अधिसूचना संख्या - 5028 दिनांक - 15.06.2016 के आलोक में अविलंब जिलों में अधिसूचना जारी कर सहायकों की भर्ती और प्रोन्नति देने, नए प्रशाखाओं का गठन कर पद सृजित करते हुए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, केन्द्र सरकार के कर्मियों के अनुरूप भत्ता देने सहित 28 सूत्री मांगों को लेकर झारखंड राज्य अनुसचिवीय कर्मचारी संघ (समाहरनालय संवर्ग) ने काला बिल्ला लगाकर किया प्रदर्शन। जिला मे आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अनुसचिवीय कर्मचारी संघ के जिला सचिव राजकुमार दास और कर्मचारी महासंघ के जिलामंत्री शशि कुमार पांडेय ने कहा कि हमारी मांगों को लेकर वर्ष 2014 मे झारखंड सरकार ने उच्च स्तरीय कमेटी बनाई थी और कमिटी के सिफारिश के आलोक में वर्ष 2016 में अधिसूचना जारी किया गया था। लेकिन सात साल बीत जानें के बावजूद जिलों में इसे लागू नहीं किया गया। जिसके कारण हमारे कर्मचारी प्रोन्नति और वेतन वृद्धि से वंचित हो रहे हैं और राज्य के हजारों कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नई भर्ती नहीं होने के कारण कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है, टेंशन के चलते बीपी शुगर आदि बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। आम जनता का काम भी समय पर नहीं होने में परेशानी हो रही है। ऐसे में हमारे सामने आंदोलन के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचता है। इसी के तहत हम 10 नवंबर तक काला बिल्ला लगाकर काम करेगें और सरकार ने हमारी मांगे नहीं मानी तो हम आंदोलन और तेज करेगें।