टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 48 नगर निकायों के चुनाव की घोषणा जल्द हो सकती है। सभी जिलों में चुनाव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बूथ निर्धारण, वोटर लिस्ट का प्रकाशन, मतगणना केंद्र की तैयारी सहित जिला स्तर पर तमाम तैयारियां चल रही है। वहीं, दूसरी तरफ राज्य की विभिन्न पार्टियां भी अपनी मजबूती के दावे कर रही हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। तारीखों के ऐलान के बाद सभी नगर निकाय क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो जायेगी, जिस वजह से तत्काल सत्ताधारी दल, सरकारी विभागों और कर्मियों के लिए कई बंदिशें भी लागू हो जायेगी।
वहीं, निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि पहले दो स्तरों पर यह चुनाव होते थे, लेकिन अब पूरे राज्य के निकाय चुनाव को एक ही चरण में कराने की कवायद इस बार से शुरू हो जायेगी।
इधर, राज्य निर्वाचन आयोग की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारी और दावेदारी तेज कर दी है। राज्य की सत्ताधारी दल झामुमो ने राज्य सरकार पर लोगों के भरोसा को आधार बनाते हुए ग्रास रूट लेवल पर पार्टी का झंडा बुलंद करने की दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी पिछली बार के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। इधर, भाजपा को भी उम्मीद है कि निकाय चुनाव में उनके द्वारा समर्थित उम्मीदवार पार्टी को मजबूती जरूर दिलायेंगे। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जो भी राष्ट्रीय विचारधारा से जुड़े लोग हैं, वह जीतकर जरूर आएंगे क्योंकि ग्रास रूट पर हमारी पकड़ है और पंचायत चुनाव में उसका रिफ्लेक्शन भी देखने को मिला था।
बहरहाल, भले ही निकाय चुनाव दलगत आधार पर हीं, लेकिन सभी पार्टियां परोक्ष तौर पर अपनी दावेदारी सुनिश्चित जरूर कर रही हैं। अब देखना होगा कि आखिर चुनाव का परिणाम क्या होता है। क्योंकि राज्य निर्वाचन आयोग तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुट गया।