Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

रामगढ़ : हाथियों ने रोका राजमार्ग, चौकस रहें लोग

रामगढ़ : हाथियों ने रोका राजमार्ग, चौकस रहें लोग
विज्ञापन
टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। रांची से करीब 50 किमी दूर रामगढ़ को स्टील सिटी बोकारो से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-23 को 30 हाथियों के झुंड ने अवरूद्ध कर दिया, जिससे वहां ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी लाइन लग गयी। वन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। घटना बृहस्पतिवार की रात हुई, जब हाथियों के झुंड की वजह से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया और पुलिस तथा वन विभाग के अधिकारी स्थिति से निपटने का प्रयास करते रहे। इससे वाहनों और ट्रकों की लंबी कतार लग गयी, वहीं स्थानीय युवा मौके पर सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के लिए इकट्ठा हो गये। कम से कम 50 हाथियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-23 को अवरुद्ध कर दिया और बाद में दुलमी और चितरपुर प्रखंडों में फसलों को नष्ट कर दिया तथा लोगों पर हमला कर दिया। हाथियों के हमले में 35 वर्षीय एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामगढ़ के संभागीय वन अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि इस दौरान एक नन्हा हाथी भी सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में गिर गया, लेकिन उसे झुंड ने बचा लिया। कंबोज ने कहा कि शावक सहित हाथियों का ये झुंड पड़ोसी पश्चिम बंगाल की तरफ से आया था और झारखंड के हाथी भी इस झुंड में शामिल हो गये थे। हाथी कुछ दिन पहले रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के पास जंगल में जमा हुए थे और बृहस्पतिवार देर रात जिले के दुलमी व चितरपुर प्रखंड में चले गये। घनी आबादी वाले इलाके से हाथियों को भगाने के लिए चितरपुर के पास रात करीब साढ़े नौ बजे वन कर्मचारी और त्वरित प्रतिक्रिया दलों को मशालों और अन्य उपकरणों से लैस कर तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि चितरपुर के पास व्यस्त राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा। उन्होंने कहा कि झुंड अब रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के पास मुरमकला के जंगल में रामगढ़ शहर और जिला मुख्यालय के पास डेरा डाले हुए है। उन्होंने कहा कि विभिन्न टीम हाथियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रख रही हैं। अपने तीन मंजिला होटल की छत से इस हंगामे को देखने वाले एक स्थानीय निवासी पीएन सिंह ने कहा कि यह एक भयावह दृश्य था क्योंकि हाथी शावक को बचाने के बाद हाथियों का यह झुंड आक्रामक दिख रहा था। इस बीच, वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में लोगों से सतर्क रहने और रात के समय घरों से बाहर निकलने से बचने को कहा है।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 6,810