टीम एबीएन, भंडरा। उदरंगी में एक महिला की हत्या कर फंदे में लटकाने का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के पिता अफसर अंसारी ने मामले को हत्या बताते हुए मृतका के पति उदरंगी निवासी अमजद अंसारी, उसकी सास शाहीन खातून और ननद गुलनाज प्रवीण को नामजद अभियुक्त बनाया है। जानकारी के मुताबिक 23, 24 अक्टूबर की रात गांव के अमजद अंसारी की पत्नी 27 वर्षीया निखत प्रवीण की हत्या कर उसे आत्महत्या का रुप देने का प्रयास किया गया। रांची मांडर प्रखंड के नरकोपी मंदरो निवासी अफसर अंसारी की बेटी निखत की शादी उदरंगी के अमजद अंसारी से 2018 में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज के नाम पर उसे प्रताड़ित किया जाता था। जबकि शादी के बाद भी अमजद को उसके ससुराल से मोटी रकम और एक गाय दी गई थी। मृतका ने अपनी सहेली से हत्या की आशंका जाहिर की थी। थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे फांसी के फंदे से हटा दिया गया था। उसके गले में रस्सी के दो निशान पाये गये हैं। अन्य पहचान भी हत्या की ओर इंगित करता है। छानबीन जारी है। मृतका के पिता द्वारा लगाये गये आरोप के आधार पर फिलहाल आरोपी अमजद अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।