गढ़वा : दम घुटने से तीन युवकों की मौत, शिकार की तलाश में गये थे गुफा के अंदर
ABN Bureau• 31 Aug, 2021
1 Views
विज्ञापन
डंडई/मेराल। गढ़वा जिले में दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गयी है। मृतक आदिम जनजाति कोरवा समुदाय के हैं। वे शिकार खेलने जंगल गये थे। शाहिल नामक जंगली जानवर को पकड़ने के लिए पहाड़ की गुफा में घुस गये थे। जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गयी। तीन में से दो शिकारियों के शव अभी भी गुफा के अंदर है। उनके निकालने की सारे विकल्प खत्म हो गए तो पुलिस ने एनडीआरएफ से मदद मांगी है। घटना के बाद मृतक के घरों में कोहराम मच गया है। घटनास्थल पर हजारों लोग जमा हो गए। पुलिस स्थिति को संभालने में जुटी रही। जिले के डंडई प्रखंड के चकरी गांव के कोरवा समुदाय के नौ युवक शिकार खेलने घर से निकले थे। शिकार की तलाश में वे मेराल थाना के टेकुआ गांव के पकवा बांध पहाड़ पर चले गए। छह युवक 20 फिट नीचे पथरीली गुफा में उतर गए। उसमें से दो युवक उमेश कोरवा और श्यामबिहारी कोरवा गुफा के मोड़ में अंदर घुस गए। उनके पीछे उपेंद्र कोरवा नामक युवक भी उस मोड़ पर पहुंचा। उसने भी अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन वह वहीं वेहोश होकर गिर गया। कुछ समय बाद शेष साथियों को उपेंद्र कोरवा का पैर दिखाई दिया। उन्होंने उसे खींचकर बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शेष दोनों युवकों को वहां से नहीं निकाला जा सका। वे गुफा में काफी अंदर चले गए थे। उसके बाद ग्रामीणों और फिर पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। देखते ही देखते हजारों लोग वहां पहुंच गए। पुलिस ने जेसीबी और अन्य उपाय से उन्हें बाहर निकालने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम से सम्पर्क कर मदद मांगी है।