टीम एबीएन, रांची। राजधानी के डेली मार्केट थाना क्षेत्र स्थित विष्णु गली में अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए दिनदहाड़े एक प्लाई दुकान में फायरिंग की। मंगलम प्लाई नामक प्रतिष्ठान में हुई गोलीबारी में दुकान के मालिक एक दोस्त सौरभ को गोली लगी है। जिस समय फायरिंग हुई उस समय सौरभ अपने दोस्त की दुकान पर ही बैठे हुए थे। सौरभ को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मंगलम प्लाई दुकान के मालिक संजय चौधरी ने बताया कि उनका भाई अपने दोस्त सौरभ के साथ दुकान में बैठा हुआ था। इसी बीच बाइक पर सवार तीन अपराधी मौके पर पहुंचे और दुकान में फायरिंग शुरू कर दी। तीनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे, फायरिंग में पहली गोली सौरभ को लग गयी। इससे पहले कि अपराधी दोबारा फायरिंग करते आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद तीनों अपराधी एक ही बाइक पर बैठकर बड़ा तालाब वाले रास्ते से फरार हो गये। रांची के डेली मार्केट इलाके में दिनदहाड़े गोलीबारी करने वाले तीनों अपराधियों की पहचान हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद भागते हुए देखे गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रांची एसएसपी की कियूआर्टी और दो थानों की टीम अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी पैदल ही बड़ा तालाब वाले रास्ते से फरार हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी ऐसा नजर आ रहा है कि एक अपराधी जिसका चेहरा दिख रहा है, वहीं दूसरा हेलमेट पहने हुए हैं। बड़ा तालाब वाले रास्ते से दौड़ते हुए भाग रहे हैं। अब तक की जानकारी मिली है उसके अनुसार फायरिंग करने वाले तीनों अपराधी लोकल हैं। रांची पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी।