Breaking News
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

हजारीबाग में जुआ चरम पर, पुलिस की नाक के नीचे लग रहे लाखों के दांव

हजारीबाग में जुआ चरम पर, पुलिस की नाक के नीचे लग रहे लाखों के दांव
विज्ञापन
टीम एबीएन, हजारीबाग (अभय कुमार सिंह)। कभी हजार बागों का शहर कहा जाने वाला हजारीबाग इन दिनों जुए के खेल को लेकर प्रसिद्धि पा रहा है। कई होटलों के कमरे और खुले मैदान में ताश के पत्तों पर हजारों-लाखों के दांव लगाये जा रहे हैं। बावजूद पुलिस प्रशासन अवैध कार्यों को रोकने में कोताही बरत रही है। इससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। वे बेझिझक अवैध कार्यों को अंजाम दे रहे हैं। इससे पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कटकमदाग की पसई, मटवारी की भुइयां टोली, लाखे-चानो स्थित मैदान, जबरा- कनहरी स्थित मैदान, जबरा डैम के पीछे के मैदान व शहर के कुछ प्रतिष्ठित होटलों के कमरों में यह खेल जारी है। जानकारी के अनुसार मटवारी और जबरा में एक साथ 50 से 60 जुआरी पहुंच रहे हैं। यह खेल काफी समय से क्षेत्र में संचालित है। पुलिस कृपा बगैर अवैध कार्य संभव नहीं : समाजसेवियों की मानें तो जुआ, सट्टा खिलाना और मादक पदार्थो की बिक्री पुलिस मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। वरना पुलिस अवैध कारोबार को तुरंत बंद करा देगी। इधर, जुआ के माध्यम से साहूकारों का धंधा खूब फल फूल रहा है। साहूकार बड़ी रकम लेकर जुए अड्डे पर पहुंचते हैं। जुआरी जुए में रकम हारने के बाद, तुरंत लंबे प्रतिशत ब्याज दर पर रकम मिल जाता है जिससे फिर वह जुआ खेलने लग जाता है। इस ब्याज की रकम के चलते कई घर टूट कर बिखर चुके हैं और वहीं ब्याज देने वाले साहूकार मोटी कमाई कर रहे हैं। जिसमें युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा बर्बाद हो रही है।क्या कहते हैं डीएसपी : जब इस सम्बन्ध में डीएसपी महेश प्रजापति से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि दीपावली लोग हंसी-खुशी से परिवार के साथ मनायें। जुए आदि अनैतिक कार्यों में सम्मिलित न हों। अगर वे ऐसा करते पकड़े गये तो उनकी दीपावली जेल में ही गुजरेगी। क्या कहते हैं मुफस्सिल थाना प्रभारी : मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा कि कुछ जगह जुए से सम्बंधित सूचनाएं मिली है। एक दो जगहों पर छापेमारी भी की गयी है। भेलवारा में कुछ जुआरियों को जुआ खेलते पकड़ा गया था। ये छोटे पैमाने पर हो रहा था। अगर किसी के पास जुआ से सम्बंधित कोई भी सूचना है तो साझा करें। कार्रवाई जरूर होगी। क्या कहते हैं कटकमदाग थाना प्रभारी : कटकमदाग थाना प्रभारी धनंजय कुमार प्रजापति ने कहा कि जुए की सूचना विभिन्न माध्यमों से मिली है। टीम का गठन कर लिया गया है। जुआरियों के धर-पकड़ के लिए छापेमारी अभियान चलाया जायेगा। जो भी इसमें पकड़े जायेंगे उन्हें सीधे जेल भेज दिया जायेगा। क्या कहते हैं कोर्रा थाना प्रभारी : कोर्रा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने पूछे जाने पर कहा कि उनकी जानकारी में ऐसी कोई सूचना नहीं है। अगर आपके पास कोई सूचना है तो बतायें। हमलोग कार्रवाई करेंगे। अभी तक जुए को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 5,710