टीम एबीएन, धनबाद/रांची। जिले के तोपचांची में बड़ा हादसा टल गया। तोपचांची सुभाष चौक स्थित भारत पेट्रोलियम पंप में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। आग लगते ही पम्पकर्मी भागने लगे। आग अचानक तेजी से बढ़ने लगी, जिससे आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गये। आग पंप में टैंकर से तेल उतारने के दौरान लगी। स्थानीय लोगों की मानें तो आग पम्प संचालक की लापरवाही से लगी। उन्होंने बताया कि पम्प के सामने भट्टी जलाई जाती है। पम्प के सामने लगने वाले दुकानों से प्रतिदिन पैसा वसूलने के भी आरोप लगाये हैं। पम्प वाले मोबाइल रेडियेशन के कारण आचनक आग भड़कने की बात कह रहे हैं।
आग की लपटें काफी तेज थीं, जिससे चौक पर मौजूद ग्रामीण सहम गये। मौके पर लोगो का जुटान हो गया। आनन-फानन में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गयी। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में लगे रहे। इसी बीच ग्रामीणों और पम्प कर्मियों के सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। ग्रामीणों ने अपने सूझबूझ से बालू मिट्टी का प्रयोग कर आग पर काबू पाया। सही वक्त पर आग पर काबू पाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। अगर पेट्रोल पंप में लगी आग फैल जाती तो आसपास के लोगों के घर, दुकान को भी अपनी जद में ले लेती। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दमकल वाहन मौके पर पहुचीं। हालांकि, तब तक लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। स्थानीय मुखिया ने कहा कि पेट्रोल पंप के सामने चारों ओर ठेला पर दुकान लगाया जाता है, जिसमें भट्टी जलता है, इसी कारण ये घटना हुई है। इस बारे में पूर्व में एसएसपी और तोपचाची थाना में लिखित शिकायत दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पेट्रोल पंप के मैनेजर के मिश्रा ने कहा कि मोबाइल रेडिएशन के कारण आग लगी थी। आग पर काबू पा लिया गया है और कोई हताहत नहीं हुआ है।