टीम एबीएन, बड़कागांव (हजारीबाग)। प्रखंड के ग्राम बादम के मेन रोड से लेकर गली मोहल्लों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। बादम मध्य विद्यालय से लेकर बैंक आॅफ इंडिया तक नदी व तालाब की तरह जलजमाव है। वहीं बीस सूत्री सदस्य जमाल सगीर के मोहल्ले में जलजमाव है। काली मंदिर से आजसू प्रखंड अध्यक्ष गौतम वर्मा के घर जाने वाली रोड में भी बारिश होने पर पानी जम जाता है। सड़कों एवं गलियों में बरसात का पानी जमे रहने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। बादम मेन रोड स्थित मध्य विद्यालय के सामने सड़क में विद्यार्थियों एवं राहगीरों को हमेशा गिरते देखा जाता है। हालांकि तत्कालीन मुखिया दीपक दास के नेतृत्व में गत वर्ष सड़क के किनारे नालियों की सफाई की गई थी। कुछ दूर तक नाली भी निर्माण की गई थी। मुखिया सुनीता देवी का कहना है कि मेन रोड में सड़क निर्माण होने से ही जल जमाव की समस्या दूर हो सकती है। इसके लिए पथ निर्माण विभाग को भी लिखित सूचना दी जा चुकी है।