टीम एबीएन, हजारीबाग। जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। जहां 2 मोटरसाइकिल की आपस में भीषण टक्कर हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 1 युवक की मौत हो गई और 2 युवक की हालत गंभीर है जबकि 1 को चोट लगी है। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामला जिले के कटकमसांडी गांव में हरहद दुर्गा मंदिर से आगे का है। बताया जा रहा है कि बीते रविवार शाम 4 बजे रंजीत केसरी बुलेट से कटकमसांडी की ओर आ रहा था। वहीं, दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार 3 युवक कटकमसांडी से हजारीबाग की ओर जा रहे थे। बुलेट से रंजीत केसरी सड़क के बाईं ओर से आ रहा था जबकि मोटरसाइकिल सवार युवक अपने साइड की सड़क को छोड़कर दाहिनी ओर चले गये, जिससे बाइक में सामने से टक्कर हो गई। जहां 1 युवक की मौत हो गई है और 1 युवक को चोट लगी है जबकि 2 युवक को बेहतर इलाज के लिए रिम्स में रेफर कर दिया है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल छा गया है। घटना के बारे में थाना प्रभारी आनंद आजाद ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर के बाद घटना हुई है। दोनों वाहन चालकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। अगर लोग हेलमेट लगाये रहते तो शायद जान बच जाती।
वहीं, जिले के सदर विधायक मनीष जायसवाल को मोबाइल पर मिलने पर उन्होंने अपने कटकमसांडी प्रतिनिधि किशोरी राणा को अस्पताल भेजकर परिजनों को मदद देने का निर्देश दिया।