टीम एबीएन, हजारीबाग। स्वदेश की रक्षा और उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देश के वीर अमर जवानों ने सरहद की रक्षा में अपनी जान की बाजी लगा दी। उन तमाम देशभक्त अमर शहीद जवानों की शहादत की याद में और उन्हें नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि देने हेतु दीपावली से पूर्व एक शाम शहीदों के नाम करने हेतु आगामी 19 अक्टूबर 2022, दिन- बुधवार, समय संध्या- 5:30 बजे, लगातर छठे साल स्थानीय हजारीबाग परिषद के सामने अवस्थित शहीद स्मारक परिसर में ‘आपका एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति से जुड़े सदर विधायक मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया की कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों की याद में जहां हजारीबाग का सुप्रसिद्ध आरंभ बैंड और उनके कलाकारों की विशेष प्रस्तुति यहां होगी वहीं बीएसएफ, मेरू की प्रसिद्ध ब्रास बैंड की देशभक्ति धुनों से गुंजयमान होगा परिसर। उन्होंने बताया कि मूक- बधिर और दिव्यांग बच्चों की भावनाओं के रंगों से भरा आकर्षक दीया सामूहिक रूप से हजारीबागवासी जलाकर शहीद स्मारक स्थल को राशन करेंगे। रंजन चौधरी ने बताया कि वर्ष 2017 से समाज को शहीदों के प्रति सम्मान और उन में राष्ट्रप्रेम का जज्बा जागृत करने हेतु इस कार्यक्रम की शुरूआत बहुत ही छोटे स्तर से की गई थी लेकिन धीरे-धीरे यह कार्यक्रम बेहद लोकप्रिय होता गया और अब इस कार्यक्रम की भव्यता देखते ही बनती है। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता के रूप में सदर विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार, अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, रंजन चौधरी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि सह प्रोफेसर शंकर चंद्र पाठक और युवा पत्रकार रवि कुमार हैं। कार्यक्रम से पूर्व शहीद स्मारक स्थल की विशेष साफ- सफाई की जाती है। जिसमें स्थानीय वार्ड पार्षद और निगम के अलावे कई समाजसेवियों का योगदान अहम होता है।रंजन चौधरी के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शारीरिक और मानसिक दिव्यांग बच्चों के द्वारा भावनाओं के रंग को भरकर तैयार किया गया दीया और स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए दीए का उपयोग कर दीपमाला उसे शहीद स्मारक स्थल को जगमग करते हुए देश के अमर शहीद जवानों की शहादत को याद करने हेतु हजारीबाग शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के सभी जाति- धर्म, राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठन के अलावे अन्य लोगों को एकजुट कर उनके मन में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान जागृत करना है। कार्यक्रम में जहां स्थानीय कलाकार अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन करते हैं कहीं देशभक्ति थीम पर बना सेल्फी प्वाइंट और रंगोली आकर्षक का केंद्र होता है। रंजन चौधरी ने यह भी बताया कि देशभक्ति से ओत- प्रोत इस भावपूर्ण गरिमामयी कार्यक्रम के माध्यम से जहां आस्था का दीप प्रज्वलित कर लोग अंतर्मन से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर अनाम शहीदों को याद करते हैं वहीं इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी यह संकल्प भी लेते हैं कि दीपावली में अपने-अपने घरों में अमर शहीदों की याद में एक दिया जरूर जलायेंगे।