टीम एबीएन, हजारीबाग। हजारीबाग सांसद सह वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष जयंत सिन्हा के सौजन्य से क्षेत्र में अमृत ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का विशाल स्तर पर आयोजन चल रहा है। इस टूर्नामेंट का दूसरा चरण शुरू हो गया है। अभी तक 30 से अधिक मैच खेले जा चुके हैं।
इसी क्रम में 16 अक्टूबर को बड़कागांव विधानसभा अंतर्गत पतरातू में मैच खेले गये। पतरातू स्थित रसदा मैदान में प्रथम मैच सौंदा डी बनाम तलाटांड पंचायत के बीच हुआ, जिसमें तलाटांड की टीम ने सौंदा डी की टीम को 2-1 से पराजित किया। दूसरा मैच पाली बनाम हनुमानगढ़ी पंचायत के बीच हुआ, जिसमें पाली की टीम ने हनुमानगढ़ी की टीम को 1-0 से पराजित किया। तीसरा मैच पीरी बनाम कुरसे व चौथा मैच पंच मंदिर बनाम बलकुदरा पंचायत के बीच देर शाम तक खेला गया।
यह भव्य टूर्नामेंट एनटीपीसी, टाटा स्टील एवं फेंटेसी अखाड़ा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। सांसद के इस प्रयास से खिलाड़ी बेहद खुश हैं। उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिये बेहतर मंच मिल रहा है। इस टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र भर में लोगों के बीच उत्साह है। लोग बड़ी संख्या में मैच देखने आ रहे हैं।
सांसद श्री सिन्हा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने हेतु प्रतिबद्ध हैं। हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाकर देश का नाम रोशन करें, यही प्रयास है। अमृत ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट खेल के क्षेत्र में हज़ारीबाग की पहचान और सशक्त बना रहा है। हमारा प्रयास खिलाड़ियों की प्रतिभा को और निखार कर खेल के क्षेत्र में उनका भविष्य उज्ज्वल बनाना है।
आज के टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद एवं समाजसेवी भुनेश्वर सिंह, भुरकुंडा मंडल सांसद प्रतिनिधि जगतार सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष भदानीनगर आशीष शर्मा, बड़कागांव प्रभारी मनीष पांडे, कटिया पंचायत मुखिया किशोर महतो, भुरकुंडा मंडल सांसद प्रतिनिधि जगतार सिंह सहित अपार जनसमूह ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। यह जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी अनिल सिन्हा ने दी।