टीम एबीएन गिरिडीह/ रांची। झारखंड के गिरिडीह जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गाजियाबाद जा रही मालगाड़ी के पहिये में अचानक आग लग गयी। इस दौरान एक्सेल भी टूट गया। पहिए में आग लगने के कारण मौके पर मौजूद सभी लोग घबरा गये। आनन-फानन में अग्निशामक यंत्र के माध्यम से पहिये में लगी आग आरपीएफ और अन्य रेलवे कर्मियों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। वहीं, माल गाड़ी का पहिया क्षतिग्रस्त होने के कारण इस ग्रैंड कार्ड रूट में चलने वाले लगभग 1 दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई। इस रूट में चलने वाली लगभग सभी यात्री ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट चली। मामला जिले के सरिया प्रखंड स्थित हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन का है। यहां बीती रात मालगाड़ी ट्रेन लोहे की सिल्ली लेकर दुगार्पुर से गाजियाबाद जा रही थी। इस दौरान मालगाड़ी के पहिए में अचानक आग लग गई और एक्सेल भी टूट गया। इसके बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरा मच गई। सभी लोग डर के मारे घबरा गये। हालांकि ट्रैक मैन, गार्ड और ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक 42 बोगी वाली मालगाड़ी बोगी दुर्गापुर स्टेशन से लोहे की सामग्री लेकर गाजियाबाद जा रही थी। इसी बीच धनबाद रेल मंडल के गडिया बिहार हाल्ट के समीप मालगाड़ी के 1 पहिया से तेज आग की लपटें उठती देख ट्रैक मैन ने इसकी सूचना गड़िया विहार स्टेशन प्रबंधक को दी। जैसे ही घटना की जानकारी ट्रेन के चालक को लगी तो गाड़ी को नियंत्रित करते हुए हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन की मेन लाइन में रोक दिया गया।