टीम एबीएन, हजारीबाग/ रांची। पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव रिम्स अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने रिम्स में इलाजरत क्षेत्र के कई मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पूर्व मंत्री को जैसे ही जानकारी मिली कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर 11,000 वोल्ट करंट के चपेट में आए घायलों में से एक सरफराज की मौत हो गई है, तो तत्काल उन्होंने रिम्स पहुंचकर बाकियों के हाल जानना चाहा। जानकारी मिलते हीं वो रांची के लिए रवाना हो गये और देर रात रिम्स पहुंचकर सभी घायलों का हालचाल पूछा। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। सबसे पहले वो मोहम्मद अब्दुल्ला से जाकर मिले, जिसकी रात्रि 3 बजे के करीब मौत हो गयी। पूर्व मंत्री ने बताया कि मैंने अब्दुल्लाह से बात की थी वो बिल्कुल ठीक लग रहा था। हमने रिम्स प्रबंधन से उसके बेहतर इलाज को लेकर बात भी की थी। मगर दुर्भाग्यपूर्ण सूचना सुबह प्राप्त हुई कि अब्दुल्ला नहीं है। साथ ही मोहम्मद इफ्तेखार, रवि कुमार और केरेडारी प्रखंड के ग्राम बंगवरी निवासी पवन कुमार पिता नागेश्वर प्रजापति से भी मिलकर उन्होंने उनका हालचाल लिया। पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने तत्काल मृतकों को मुआवजा की राशि उपलब्ध कराने तथा घायलों को समुचित इलाज की व्यवस्था कराने को लेकर मौजूद चिकित्सक एवं संबंधित अधिकारियों से बातचीत किया है। उन्होंने बताया कि सरकार के द्वारा हरसंभव प्रयास कर बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराई जायेगी तथा बहुत जल्द मृतकों को मुआवजे की राशि का भुगतान भी करवाया जायेगा।