टीम एबीएन, हजारीबाग। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की अध्यक्ष सह उपायुक्त नैंसी सहाय की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक हुई। उपायुक्त कार्यालय सभागार में संपन्न बैठक में उपायुक्त के अलावे जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, मेयर रोशनी तिर्की, अपर समाहर्ता राकेश रोशन सहित प्राधिकार के अन्य सदस्य मौजूद थे। बैठक में कोरोना काल के दौरान मृत 9 व्यक्तियों के मुआवजा भुगतान से संबंधित अंचल एवं अनुमंडल स्तर से प्राप्त प्रस्ताव को प्राधिकार की बैठक में भुगतान हेतु स्वीकृति प्रदान की गई। चलकुशा के स्वर्गीय मनोज यादव, कटकमसांडी के स्वर्गीय निरंजन कुमार यादव, सदर प्रखंड के स्वर्गीय पुरुषोत्तम कुमार गुप्ता, स्वर्गीय राधिका देवी, स्वर्गीय मीना देवी, स्वर्गीय विनोद कुमार, स्वर्गीय काली राम, बरही प्रखंड के स्वर्गीय सरिता देवी एवं स्वर्गीय शिबू दास के आश्रितों को मुआवजा भुगतान की स्वीकृति दी गई। प्राधिकार की बैठक में यह जानकारी दी गई कि आपदा विभाग के द्वारा आवंटन उपलब्ध नहीं कराई गई है। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि आवंटन आने पर आश्रितों को समय पर मुआवजा भुगतान कर दी जाए।
बैठक में सड़क दुर्घटना, वज्रपात से मानव एवं मवेशियों की मौत, डोभा,नदी, जलाशयों में डूबने से हुई मौत, 2021 यास तूफान के कारण जान माल के नुकसान एवं सर्पदंश आदि से संबंधित अंचल स्तर पर प्राप्त आवेदनों को सत्यापन करते हुए विहित प्रक्रिया अपनाकर मामला जिला स्तर पर अग्रसारित करने एवं संबंधित लोगों को मुआवजा भुगतान हेतु आपदा विभाग से आवंटन के लिए पत्राचार करने का निर्देश उपायुक्त के द्वारा दिया गया। इसके अलावा मुवावजा भुगतान से संबंधित भुगतान का लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र विहित प्रपत्र में तैयार कर अनुमंडल एवं अंचल कार्यालय को भेजने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया।